वॉटसन के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स टीम में एक और विदेशी कोच की एंट्री
November 14, 2025
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें संस्करण से पहले दिसंबर में मिनी ऑक्शन होगा, उससे पहले कल शनिवार को रिटेंशन लिस्ट जारी होगी. इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स टीम ने बड़ा कदम उठाया है. गुरुवार को शेन वॉटसन की नियुक्ति के बाद टीम ने शुक्रवार को एलान किया कि टिम साउदी गेंदबाजी कोच नियुक्त किए गए हैं.
कोलकाता नाइट राइडर्स ने अभिषेक नायर को हेड कोच बनाया है, जिन्होंने चंद्रकांत पंडित की जगह ली है. फ्रेंचाइजी ने गुरुवार को घोषणा की थी कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन को सहायक कोच नियुक्त किया गया है. नियुक्ति पर वॉटसन ने कहा था, "कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी प्रतिष्ठित फ़्रैंचाइज़ी का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है." अब एक और विदेशी कोच के रूप में टिम साऊदी की केकेआर में एंट्री हुई है, जो फ्रेंचाइजी के लिए 3 साल तक खेल चुके हैं.
केकेआर द्वारा जारी स्टेटमेंट में साऊदी ने कहा, "केकेआर मुझे हमेशा घर जैसा लगा है, और इस नई भूमिका में वापसी करना मेरे लिए सम्मान की बात है. इस फ्रैंचाइज़ी की संस्कृति अद्भुत है, फैंस जुनूनी हैं और प्लेयर्स का एक शानदार ग्रुप है. मैं गेंदबाजों के साथ मिलकर काम करने और आईपीएल 2026 में टीम को सफलता दिलाने में मदद करने के लिए उत्सुक हूं.
साऊदी ने 2021 से 2023 तक कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कुल 14 मैच खेले, जिसमें उनके नाम कुल 19 विकेट हैं. 2022 संस्करण उनके लिए शानदार था, जहां उन्होंने 9 मैचों में 14 विकेट चटकाए थे.
36 वर्षीय साऊदी 2011 से आईपीएल खेल रहे थे, वह चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस और रॉयल्स चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए भी खेले. आईपीएल में उन्होंने कुल 54 मैच खेलें, जिनमें उनके नाम 47 विकेट हैं.
