बीसलपुर। गन्ना विकास समिति बीसलपुर के गन्ना क्रय केंद्र किसनी का निरीक्षण जिला गन्ना अधिकारी खुशी राम भार्गव ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्रय केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपस्थित गन्ना किसानों से संवाद किया।निरीक्षण के समय किसान वीरेश कुमार, ग्राम सिसय्या, अपनी गन्ने से भरी ट्रॉली का तौल कराने पहुंचे थे। इलेक्ट्रॉनिक वेब्रिज पर वजन 39.60 कुंतल दर्ज हुआ। मानक बाट (5 कुंतल) रखने पर वजन 44.60 कुंतल मिला। जांच में वेब्रिज सही पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि क्रय केंद्र 14 नवंबर 2025 से संचालित है और अब तक 2907.87 कुंतल गन्ने की खरीद हो चुकी है।
क्रय केंद्र पर पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध है तथा चीनी मिल और विभागीय अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किए गए हैं। किसानों को यह जानकारी भी दी गई कि वे अपने कांटे की जांच स्वयं कर सकते हैं। केंद्र पर 10 कुंतल के मानक बाट उपलब्ध हैं।
अधिकारियों ने सभी तौल लिपिकों को निर्देशित किया कि तौल कार्य शुरू करने से पहले किसानों की उपस्थिति में कांटे की जांच अवश्य करें और इसे रजिस्टर में अंकित करें। कांटा जांच के बाद ही तौल प्रक्रिया शुरू की जाए।
निरीक्षण के दौरान किसानों को बताया गया कि अब गन्ना पर्चियां सीधे उनके मोबाइल पर भेजी जा रही हैं। पर्ची के लिए किसानों को कहीं भटकने की आवश्यकता नहीं है। पर्ची प्राप्त होने के बाद ही किसान कटाई करें। साथ ही मोबाइल इनबॉक्स समय-समय पर खाली रखने की सलाह दी गई, ताकि पर्ची समय पर प्राप्त हो सके।
यह भी बताया गया कि यदि मोबाइल में डीएनडी सेवा सक्रिय होगी तो पर्चियां नहीं मिलेंगी। किसी किसान का मोबाइल नंबर बदलने पर वह तुरंत समिति सचिव को सूचना दे, ताकि पर्चियां सुगमता से प्राप्त होती रहें। किसान ई-गन्ना ऐप से भी पर्ची व तौल संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।क्रय केंद्र पर किसी भी असुविधा की स्थिति में किसान चीनी मिल एवं विभागीय अधिकारियों के सीयूजी नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान सचिव गन्ना समिति बीसलपुर राजेश कुमार, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मनोज साहू सहित गन्ना कृषक राजाराम, मनोज, प्रवीण, रोशन लाल, गजेन्द्र पाल, अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।
