प्रतापगढ़। स्वर्गीय चंद्रभान सिंह सेवा समिति के तत्वाधान में नगर के बाबागंज स्थित एक होटल में अवधी सम्राट आचार्य अनीश देहाती की अध्यक्षता में कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जनपद व आस-पास के जिलों के कवि एवं कवत्रियों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। आयोजित कवि गोष्ठी में कवियों ने अपनी रसभरी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ साहित्यकार सत्येंद्र सिंह सौम्य द्वारा सरस्वती वंदना से की गई। इसके उपरांत कवयित्री कल्पना तिवारी ने मनमोहक प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। तदुपरांत कवि डॉ. अनुज नागेन्द्र आज की नई पीढ़ी की मानसिकता पर व्यंग्य करते हुए पढ़ा, “न जाने क्यों नई पीढ़ी कुछ ऐसा सोचती है अब, उतरना भी न हो पानी में कृ और तैराक हो जाएं”
जौनपुर के मशहूर शायर निर्मल नदीम ने पढ़ा, “जान से जाने को तैयार नहीं होना था, इश्क करना था, वफादार नहीं होना था।” वरिष्ठ गीतकार सत्येन्द्र सिंह सौम्य ने माँ को समर्पित गीत पढ़ा, माँ से बढ़कर नहीं कोई हितकारी है। माँ का रिश्ता सब रिश्तों पर भारी है ।। गोष्ठी का संचालन कर रहे कौशांबी के कवि सुजीत जायसवाल जीत ने भी माँ को याद करके अपनी कविता से सबको भावुक कर दिया। व्यंग्यकार राजेश प्रताप गढ़ी ने पढ़ा, “नई लाशों को दफनाने की खातिर गड़े मुर्दे उखाड़े जा रहे हैं३” से समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया । गजलकार चंद्रकांत त्रिपाठी ‘शाश्वत ने अपनी दिल छू लेने वाली गजल पेश करते हुए पढ़ा, “कौन है अपना, कौन पराया, किसको अब मैं यार कहूँ,
दोनों रूप समाए तुझ में, तुझको कैसे प्यार कहूँ।” शायर खुर्शीद अंबर ने अपनी रचना “अपने दिल पर रखकर पत्थर जाता है, जो भी तेरे पास से उठकर जाता है।” पढ़ कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। अध्यक्षता कर रहे आचार्य अनीश देहाती ने भगवान राम को समर्पित अपनी अवधी कविता पढ़ा, “सब पे किरपा कै होया, तो हमरो बेड़ा पार किहा३”
से कार्यक्रम को ऊँचाई प्रदान की। उन्होंने अपने मुक्तकों और भगवद्गीता के छन्दों के माध्यम से काव्य की आध्यात्मिक गहराई को भी छुआ।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. अनुज नागेन्द्र ने किया। अंत में चंद्रभान सिंह सेवा समिति के अध्यक्ष इंजीनियर शैलेन्द्र सिंह ने उपस्थित कवियों एवं पत्रकारों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया और सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल कूद के साथ ही संस्कृति को बढ़ावा देते हुए सामाजिक सद्भाव स्थापित करना करना ही समिति का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में समिति के माध्यम से समाजिक क्षेत्र में विविध कार्यक्रम के आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर प्रमुख रूप से वरिष्ठ पत्रकार रमेश तिवारी,मनोज तिवारी,अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी कर्मराज सिंह ‘मनजीत’, बृजेश सिंह बब्बू , विनोद सिंह, बृजेश तिवारी, विनोद माली, रूद्र पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी मौजूदगी रही।
