देशभर में मौसम का डबल अटैक, उत्तर में कड़ाके की ठंड
November 26, 2025
देशभर का मौसम इस समय दो हिस्सों में बंटा हुआ है। उत्तर भारत में जहां कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो गई है, तो वहीं दक्षिण भारत में एक चक्रवाती तूफान दस्तक देने को तैयार है।
दरअसल, पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में दिख रहा है। ठंडी हवाओं के कारण उत्तर भारत में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। जम्मू-कश्मीर,हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में शीतलहर और बर्फबारी की संभावना बनी ही हुई है, जिसके कारण ठंड का असर अब हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों तक महसूस हो रहा है।
देश की राजधानी के मौसम की बात करें तो आज दिल्ली में ठंड रहेगी। दिन में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलेगी। यहां का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा, जबकि रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस से 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश में आज मौसम साफ लेकिन ठंडा रहेगा। तापमान में लगातार गिरावट जारी रहेगी, जिससे कुछ हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। यहां का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
वहीं, बंगाल की खाड़ी में मौसम अचानक बिगड़ रहा है, जहां अगले 24 से 48 घंटों में 'सेन्यार' नाम का चक्रवाती तूफान टकरा सकता है। मौसम विभाग (स्काईमेट) के अनुसार, अंडमान सागर में यह तूफान तेजी से बनेगा। तूफान के दौरान 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ भारी बारिश दर्ज की जाएगी।
