पीलीभीत। किसान नेता देवस्वरूप पटेल ने मंगलवार को पीलीभीत सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद के जनपद आगमन पर क्षेत्र के विकास को लेकर तीन सूत्रीय मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। राज्यमंत्री ने सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है।
किसान नेता की पहली मांग बीसलपुर से नई रेलवे लाइन के निर्माण को लेकर रही। उन्होंने बताया कि बीसलपुर से पूर्व दिशा में बिलसंडा-बंडा-खुटार-गोला (छोटी काशी) तथा पश्चिम दिशा में बीसलपुर से नाथ नगरी बरेली तक नई रेल लाइन बनाई जाए। इस रेल मार्ग के बन जाने से बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर सहित कई जनपदों की जनता को बड़ा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित रेल लाइन के माध्यम से दिल्ली से पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र के बीसलपुर होते हुए लखीमपुर, बहराइच, नानपारा, गोरखपुर और बिहार तक सीधी रेल सेवाएं शुरू हो सकेंगी। इससे गोला गोकर्णनाथ के ऐतिहासिक शिवमंदिर और पीलीभीत टाइगर रिजर्व सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को भी सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
किसान नेता ने कहा कि वर्तमान में बरेली के लिए वाया पीलीभीत रेल सेवा से दूरी और समय दोनों अधिक लगते हैं। वहीं बंडा-खुटार मार्ग के यात्रियों को बस सेवा पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे अधिक खर्च और असुविधा होती है।दूसरी मांग में राजकीय मेडिकल कॉलेज पीलीभीत में ओपीडी सेवाएं शुरू करने की बात कही गई। देवस्वरूप पटेल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में अभी तक ओपीडी सेवाएं शुरू नहीं की गई हैं, जिससे पीलीभीत के अलावा लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, उत्तराखंड और नेपाल के मरीजों को भी इलाज में कठिनाई झेलनी पड़ रही है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता की सुविधा के लिए जल्द से जल्द ओपीडी शुरू करने की मांग की।तीसरी मांग आवास विकास परिषद की योजनाओं में सुधार से जुड़ी रही। उन्होंने बताया कि शहर में कुछ भूमाफिया सक्रिय हैं जो आवासीय योजनाओं की आड़ में जनता का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि आवास योजना के अंतर्गत भूखंड, विला और फ्लैट के रूप में पारदर्शी विकास कार्य कराए जाएं ताकि जनता को इसका वास्तविक लाभ मिल सके। किसान नेता देवस्वरूप पटेल ने कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने इन तीनों जनहितकारी मांगों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिलाया है और कहा है कि जल्द ही इन विषयों पर विभागीय स्तर पर कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाएगी।
.jpg)