तालग्राम/कन्नौज। नगर पंचायत तालग्राम में अध्यक्ष माननीय मोहसिन खान ने अपने समस्त वार्डाे के सभासदों व लेखपाल एवं नगर के समस्त बी0एल0ओं के साथ एक बैठक की। जिसमें बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर लागू किया गया है। जिसमें सभी बीएलओ अपने क्षेत्रों में डोर टू डोर जाकर सभी मतदाताओं से एसएफ फार्म भरवाएंगे। इस फॉर्म की एक कॉपी मतदाता के पास रहेगी और दूसरी कॉपी बीएलओ द्वारा साइट पर अपलोड की जाएगी। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि 15 नवंबर तक बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर पर गणना फार्म पहुंचाएंगे। गणना फॉर्म में यह व्यवस्था की गई है कि अगर वर्ष 2003 की मतदाता सूची में किसी व्यक्ति का नाम है, तो उसे उस विधानसभा क्षेत्र की संख्या, भाग संख्या, और क्रम संख्या का ब्योरा देना होगा। इसके बाद उससे कोई दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा।
गणना फॉर्म एक कॉलम में यह व्यवस्था भी की गई है कि अगर उस व्यक्ति का खुद का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नहीं है, पर उसके संबंधी (रिलेटिव) का नाम 2003 की सूची में है, तो वह अपने उस संबंधी का ब्योरा दे सकता है। बाद में आयोग की सुनवाई के दौरान उस संबंधी से अपना रिश्ता साबित करने के लिए उसे कोई एक मान्य दस्तावेज लगाना होगा। यह अभियान पात्र लोगों के नाम सूची में शामिल करने और अपात्रों के नाम हटाने के लिए चलाया जा रहा है। जिन लोगों के गणना फार्म वापस नहीं मिलेंगे उन लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। पुराना साक्ष्य न देने वालों के नाम भी मतदाता सूची में नहीं रहेंगे। मृत मतदाता बाहर शिफ्ट हुए डबल वोटर और तीन बार में अनुपस्थित मिलने वाले मतदाताओं के नाम की सूची तैयार कर संबंधित नगर निकाय तथा ईआरओ के कार्यालय पर चस्पा की जाएगी ताकि लोग आपत्ति दे सकें।
