बीसलपुर। नगर के सरकारी अस्पताल में गुरुवार दोपहर ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। तेज आवाज और चिंगारियां उठते ही अस्पताल में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई।
करीब 12 बजे ट्रांसफार्मर से जोरदार धमाका हुआ और चिंगारियां निकलने लगीं। देखते ही देखते आग भड़कने लगी। स्थिति बिगड़ती देख मरीजों को तुरंत वार्डों से बाहर निकाला गया। अस्पताल अधीक्षक आलमगीर समेत सभी डॉक्टर और स्टाफ मौके पर पहुंचकर बाहर की ओर निकल आए।घटना की सूचना बिजली विभाग को दी गई। सूचना पाकर विद्युत विभाग की टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और सप्लाई बंद कर आग को काबू में लिया। आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी और मरीजों ने राहत की सांस ली।अस्पताल प्रशासन ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। ट्रांसफार्मर की तकनीकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
