फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल: गिरफ्तार डॉक्टर आदिल अहमद डार के मोबाइल से मिलीं कश्मीरी लड़कियों की तस्वीरें
November 19, 2025
फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल मामले में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार आरोपी आतंकी डॉक्टर आदिल अहमद डार के मोबाइल फोन से नई साजिश निकलकर सामने आई है। यूपी एटीएस गहनता से गिरफ्तार सभी आरोपी आतंकी के बारे में जांच कर रही है। सूत्रों की मानें तो गिरफ्तार आरोपी आतंकी डॉक्टर आदिल अहमद डार के मोबाइल फोन से कई कश्मीरी लड़कियों के फोटोग्राफ और वीडियोज भी मिले हैं। ऐसे में शक जताया जा रहा है कि आरोपी डॉक्टर आदिल अहमद दूसरे डॉक्टर और अन्य लोगों को हनी ट्रैप करने की भी तैयारी कर रहा था। एजेंसी इस लिहाज से भी जांच आगे बढ़ा रही है।
अब इस बारे में भी जांच-पड़ताल की जा रही है कि क्या उसने किसी को हनी ट्रैप किया था या फिर इसकी पूरी तैयारी कर ली गई थी? दरअसल, आतंक की फैक्ट्री लगाने के लिए डॉक्टर आदिल अहमद डार को सहारनपुर शहर के बाहरी इलाकों में जमीन चाहिए था। इस वजह से वह कई लोगों को अपने जाल में फंसाने की भी तैयारी कर रहा था।
अब तक की जांच में यह साफ हो गया है कि लखनऊ की डॉक्टर शाहीन फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल की एक मुख्य किरदार थी। इसीलिए यूपी एटीएस डॉक्टर शाहीन और उसके भाई डॉक्टर परवेज के बारे में गहनता से जांच कर रही है। लखनऊ के एरा मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग के एक डॉक्टर को यूपी एटीएस के अधिकारियों ने फोन करके पूछताछ की है। दरअसल, एरा मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के इस डॉक्टर ने कानपुर के उसी कॉलेज से पढ़ाई की है, जहां डॉक्टर शाहीन पढ़ाया करती थी।
जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर शाहीन का भाई, डॉक्टर परवेज भी कानपुर के उसी मेडिकल कॉलेज से कुछ कोर्स किए हुआ है। ऐसे में यूपी एटीएस के अधिकारियों ने फोन करके एरा मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में काम करने वाले इस डॉक्टर से डॉक्टर शाहीन और डॉक्टर परवेज के बारे में पूछताछ की है।
इसी तरीके से यूपी एटीएस के अधिकारी डॉक्टर शाहीन द्वारा पढ़ाए गए कई छात्रों को लगातार फोन कर रहे हैं और डॉक्टर शाहीन के बारे में पूछताछ भी कर रहे हैं। डॉक्टर परवेज के बारे में भी यूपी एटीएस के अधिकारियों ने इंटीग्रल यूनिवर्सिटी से पूरी जानकारी ले ली है और डॉक्टर परवेज जिन स्टूडेंट्स को पढ़ाया करते थे, उनकी भी डिटेल यूपी एटीएस के अधिकारियों ने ली है। खासतौर से जम्मू-कश्मीर से संबंध रखने वाले स्टूडेंट्स।
इस वक्त जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। जांच एजेंसी को ये भी पता चला है कि डॉक्टर परवेज ने अपनी नौकरी के शुरुआती दिनों में अयोध्या में भी ट्रेनिंग की है, ऐसे में वो अयोध्या में किन लोगों के संपर्क में अभी भी हैं उन सबकी भी लिस्ट तैयार की गई है ताकि जल्द ही सबसे पूछताछ करके एजेंसियां 6 दिसंबर को लेकर अयोध्या प्लान को भी Decode कर सकें, इसीलिए हर एक बारीक चीज पर एजेंसियां पैनी निगाहों के साथ सेंसिटिव जांच को आगे बढ़ा रही हैं।
