Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

फिर से सज रही अयोध्या, राम मंदिर में इस शुभ मुहूर्त में पीएम मोदी रहेंगे मौजूद


राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराने का ऐतिहासिक क्षण नजदीक आ गया है। इसे लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं ध्वजारोहण समारोह से पहले अयोध्या एयरपोर्ट पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई अति विशिष्ट अतिथि (वीवीआईपी) शामिल होंगे, ऐसे में एयरपोर्ट पर लगभग 80 चार्टर्ड विमानों के उतरने की संभावना है। राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र अयोध्या पहुंचे और उन्होंने व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। बता दें कि 25 नवंबर को पीएम मोदी भी यहां मौजूद रहेंगे।

दरअसल, 25 नवंबर को लेकर होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग 4 घंटे अयोध्या में प्रवास करेंगे। उनके दौरे की शुरुआत सप्त ऋषि मंदिर से होगी, जहां सातों ऋषियों की प्रार्थना और विशेष वैदिक पूजा संपन्न होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री शेषावतार मंदिर में लक्ष्मण जी के सम्मुख आराधना करेंगे। धर्म ध्वज फहराने का शुभ मुहूर्त 11:58 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है। इसी पवित्र समयावधि में प्रधानमंत्री राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज पताका फहराएंगे। ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री मोदी देश को संबोधित करेंगे और निर्माण कार्य की पूर्णता की घोषणा करेंगे।

वहीं इस कार्यक्रम को देखते हुए पहला मॉक ट्रायल सफल कर लिया गया है। इसके बाद दूसरा मॉक ट्रायल आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित होगा। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर कड़ी की गई है। एयरपोर्ट से राम मंदिर तक 8 किलोमीटर लंबे मार्ग पर विशेष बैरिकेडिंग की जा रही है। SPG और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां लगातार रूट का निरीक्षण कर रही हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्वक और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अधिकारियों ने बताया कि आमंत्रित अतिथियों से 24 नवंबर को अयोध्या पहुंचने का अनुरोध किया गया है। ठहरने के लिए विभिन्न होटल और टेंट सिटी में 1,600 कमरे आरक्षित किए गए हैं। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के अनुसार, सभी मेहमानों को 24 नवंबर तक पहुंचने के लिए कहा गया है और कार्यक्रम के लिए प्रवेश 25 नवंबर को सुबह सात बजकर 30 मिनट से नौ बजे के बीच होगा।

अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि अयोध्या मेडिकल कॉलेज में 50 बिस्तर आरक्षित किए गए हैं और लगभग 24 चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों की बड़ी टीम ड्यूटी पर रहेगी। अयोध्या नगर के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मंगलवार को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में राम जन्मभूमि परिसर में होने वाली बैठक में ट्रस्ट पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

अयोध्या एयरपोर्ट के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि 40 से 80 चार्टर्ड विमानों के प्रबंधन की व्यवस्था की गई है, हालांकि विमानों की पार्किंग आसपास के हवाई अड्डों पर की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा के लिए हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 100 अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के लिए एक विशेष लाउंज और मुख्यमंत्री, राज्यपाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के लिए छह वीआईपी लाउंज बनाए जा रहे हैं।’

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |