लखनऊ। लखनऊ जिले के बख्शी का तालाब तहसील क्षेत्र के खाद केन्द्रों सैरपुर व बसांवन पुरवा पर किसानों को डीएपी खाद की कालाबाजारी को लेकर किसानों ने धरना प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया है। बता दें कि गुरूवार सुबह 10 से 2 बजे तक नव भारतीय किसान संगठन के लखनऊ जिला अध्यक्ष राजू रावत ने सैरपुर थाना क्षेत्र के धतिंगरा चैराहा पर सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक धरने पर बैठकर किसानों के साथ प्रदर्शन किया। राजू रावत ने बताया कि लखनऊ की बख्शी का तालाब तहसील क्षेत्र के खाद केन्द्रों पर कालाबाजारी धड़ल्ले से जारी है। उन्होंने कहा कि सैरपुर व बसांवन पुरवा खाद केन्द्रों पर किसी को पांच बोरी खाद किसी को दस बोरी देते हैं क्योंकि वह बाहुबली व बड़े है और छोटे किसानों को दिनभर लाइन में खड़े होकर भी खाद नहीं दी जा रही है जिसको लेकर क्षेत्रीय किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि पूरे दिन में एक केन्द्र पर 15 से 20 लोगों को खाद दी जाती है, क्योंकि वह बड़े किसान है और छोटे किसान हैं उनको खाद नहीं मिल पा रही है। इसी क्रम में नव भारतीय किसान संगठन जिला अध्यक्ष राजू रावत ने धतिंगरा चैराहा पर दर्जनों लोगों के साथ धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगे रखीं। वहीं प्रदर्शन को देखते हुए सैरपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार कोरी मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों व जिला अध्यक्ष राजू रावत से मौखिक वार्तालाप कर शनिवार को खाद मिलने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया।
लखनऊ के बख्शी का तालाब तहसील क्षेत्र के महिगवां अर्जुनपुर सरैंया बरगदी पहाड़पुर नगर चैगवां भाटेसुआ अन्य खाद केन्द्रों पर किसानों की भीड़ दिखाई देती है। इस समय आलू बुवाई व गेहूं बुवाई का काम तेजी से चल रहा है। जिससे कि किसानों को खाद की आवश्यकता पड़ रही है। जिसके कारण किसानों की लंबी लाइन खाद केन्द्रों पर देखने को मिलती है। जहां एक तरफ रसूखदार व्यक्तियों को खाद आसानी से मिल जाती है। वहीं गरीब किसान को खरीद के लिए लंबी लाइन दिनभर लगना पड़ता है तब भी खाद नहीं मिलती है। सूत्रों की माने तो निर्धारित सरकारी रेट से 10 रूपया ज्यादा बढ़कर खाद बेची जा रही है।
