अमेठीः वार्षिक खेल दिवस में विद्यार्थियों की शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन! कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र कुमार कश्यप रहे मुख्य अतिथि
November 28, 2025
अमेठी। जगदीशपुर स्थित क्राइस्ट द किंग इंटर कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित भव्य वार्षिक खेल दिवस में विद्यार्थियों ने उत्साह, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र कुमार कश्यप द्वारा दीप प्रज्व्ज्वलन एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके बाद पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और खेल भावना के जोश से गूंज उठा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेंट जोसेफ कॉलेज, प्रयागराज के प्रिंसिपल रेव. फादर वॉल्टर डी’सिल्वा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं और यह नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे रेव. मॉन्सिन्योर रेजिनाल्ड पॉल डी’सूजा, प्रबंधक क्राइस्ट द किंग इंटर कॉलेज एवं वाइसर जनरल, धर्मप्रांत इलाहाबाद, ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों में टीम स्पिरिट, नेतृत्व गुण और चुनौतियों का डटकर सामना करने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मैदान पर खेल के दौरान सीखे गए मूल्य जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की नींव बनते हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र कुमार कश्यप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षित और जागरूक पीढ़ी की भूमिका सर्वोपरि होती है। उन्होंने कहा कि “शिक्षा एक शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही दहाड़ेगा और वही आगे बढ़ेगा।” मंत्री नरेन्द्र कुमार कश्यप ने विद्यालय की प्रिंसिपल श्री मनोज डी’सिल्वा के नेतृत्व की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विद्यालय शैक्षणिक परिणामों, अनुशासन, प्रबंधन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अद्वितीय उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है। उन्होंने उन्हें दूरदर्शी, प्रभावशाली और अत्यंत समर्पित प्रशासक की संज्ञा देते हुए कहा कि विद्यालय की यह प्रगति उनके सतत प्रयासों और सशक्त नेतृत्व का परिणाम है।
