यूक्रेन से भीषण जंग के बीच रूस के राष्ट्रपति पुतिन पहुंचे किर्गिस्तान
November 26, 2025
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन से चल रही भीषण जंग के बीच बुधवार को सुबह किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचे। किर्गिज़ गणराज्य के राष्ट्रपति सदिर जापारोव ने हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता काफिले के साथ राष्ट्रपति निवास स्थान यंतिमाक ओर्दो के लिए रवाना हो गए, जहां अब दोनों देशों के बीच आधिकारिक द्विपक्षीय वार्ताएं शुरू हो रही हैं। यंतिमाक ओर्दो निवास किर्गिस्तान का आधिकारिक सरकारी अतिथि गृह है, जो बिश्केक के पास पहाड़ियों में स्थित है और अपने शानदार दृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। यहां पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन और द्विपक्षीय बैठकें हो चुकी हैं।
राष्ट्रपति पुतिन का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब मध्य एशिया में रूस अपने पारंपरिक प्रभाव को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। किर्गिस्तान रूस का पुराना सहयोगी है और दोनों देश यूरेसियन आर्थिक संघ (EAEU) तथा सामूहिक सुरक्षा संधि संगठन (CSTO) के सदस्य हैं।
सूत्रों के अनुसार इस यात्रा का एक अहम पहलू रूस-यूक्रेन युद्ध भी है, जिसमें ट्रंप के शांति प्लान पर भी चर्चा संभव है। किर्गिस्तान के राष्ट्रपति जापारोव ने पुतिन के स्वागत में कहा, “रूस हमारे लिए रणनीतिक साझेदार है। आज की बैठक दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।” वार्ता के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे तथा कई समझौतों और द्विपक्षीय दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद राष्ट्रपति पुतिन बृहस्पतिवार को सुबह कलेक्टिव सिक्योरिटी ट्रीटी आर्गेनाइजेशन (CSTO) के शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे, जो इसी सप्ताह बिश्केक में हो रहा है।
यूक्रेन के साथ निर्णायक युद्ध और बड़े समझौते की संभावनाओं के बीच यह दौरा रूस के लिए मध्य एशिया में अपनी स्थिति को मजबूत करने का एक और कदम माना जा रहा है, खासकर जब पश्चिमी देशों से प्रतिबंधों के बीच मॉस्को नए आर्थिक और राजनीतिक साझेदारों की तलाश में है। फिलहाल यंतिमाक ओर्दो निवास में बंद कमरे में दोनों नेताओं की आमने-सामने की वार्ता चल रही है। परिणामों की आधिकारिक घोषणा कुछ घंटों में होने की उम्मीद है।
