तिलोई: सड़क हादसे में पिता और पुत्र की मौत , दो गंभीर
November 14, 2025
तिलोई/अमेठी। गुरूवार की देर रात्रि करीब 12 बजे इन्हौना थानाक्षेत्र अंतर्गत अहोरवा भवानी -इन्हौना मार्ग पर नाले के पास आवारा पशु को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार मारूति इको वैन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई जिससे वैन के परखच्चे उड़ गए।इस दौरान वैन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो लोगों को गंभीर चोटे आई हैं।जिन्हें इलाज हेतु लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।जानकारी के मुताबिक अमेठी जिले के कमरौली थानाक्षेत्र के कठौरा अंतर्गत पूरे नोती दुबे गांव निवासी रंग बहादुर पुत्र गंगा प्रसाद (70 वर्ष)अपने पुत्र विनय कुमार उर्फ बबलू (40 वर्ष) के साथ मारूति इको संख्या यूपी 32 एमपी 9738 से गुरुवार की सुबह रायबरेली जिले के महराजगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत श्यामपुर गांव अपनी बेटी के घर पड़ोसी अमर बहादुर( 45 वर्ष) व इको चालक राहुल पुत्र घनश्याम (30 वर्ष)के साथ गए थे।देर रात्रि करीब 12 बजे बेटी के घर से लौट रहे थे।तभी इन्हौना थानाक्षेत्र अंतर्गत अहोरवा भवानी इन्हौना के बीच नाले के पास अचानक बीच सड़क पर एक आवारा पशु आ गया। राहगीरों की मानें तो इको वैन की रफ्तार इतनी तेज थी।ब्रिक मारते ही वह पलट गई और करीब पच्चास मीटर सड़क पर फिसलते हुए सड़क के किनारे एक पेड़ से टकरा गई जिससे इको वैन के परखच्चे उड़ गए।जिससे वैन में सवार रंग बहादुर और उनके पुत्र विनय कुमार उर्फ बबलू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अमर बहादुर और चालक राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों एवं स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस के माध्यम से दोनो घायलों को तत्काल सीएचसी सिंहपुर पहुंचाया जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर इन्हौना पुलिस मौके पहुंची और दोनो शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दुर्घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच पड़ताल कर रही है।
