अमेठीः विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान! युवाओं सहित सभी पात्र मतदाता भरें गणना प्रपत्र-डीएम
November 14, 2025
अमेठी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद अमेठी की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान जारी है। अभियान के तहत 4 नवंबर 2025 से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाता गणना प्रपत्र वितरित किए जा रहे हैं, जो आगामी 4 दिसंबर 2025 तक वितरित किए जाएंगे। जिला प्रशासन के अनुसार अभी तक लगभग 85ः गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय चैहान स्वयं अभियान की प्रगति की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। वे प्रतिदिन एक-दो बीएलओ को बुलाकर उनसे प्रपत्र वितरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेते हैं, साथ ही दूरभाष के माध्यम से यादृच्छिक सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि कार्य की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे प्रत्येक घर तक पहुँचकर सभी पात्र व्यक्तियों को मतदाता गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि लोग समय से प्रपत्र भरकर वापस कर सकें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिन युवाओं की आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे भी गणना प्रपत्र अवश्य भरें। साथ ही जिन लोगों के नाम पहले से मतदाता सूची में पंजीकृत हैं, उन्हें भी प्रपत्र भरना अनिवार्य है। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ, सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची निर्वाचन प्रक्रिया की मजबूती और शांतिपूर्ण मतदान का आधार है। इसलिए हर पात्र नागरिक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपना-अपना मतदाता गणना प्रपत्र अवश्य भरें और बीएलओ को समय से उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची का कार्य सुचारू रूप से संपन्न किया जा सके।
