पीलीभीत। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तर प्रदेश की मासिक बैठक बुधवार को पीलीभीत के सिटी पैलेस में प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना तथा व्यापारियों के समक्ष आ रही चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना रहा। बैठक की शुरुआत में जिले के दर्जनों नए व्यापारियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। सभी नए सदस्यों को संगठन में ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई। संगठन को गति देने और स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के लिए कई पदों पर नई नियुक्तियाँ की गईं। ललित अग्नानी, राघवेन्द्र गोयल, विनोद भारती और नाहिद खान को जिला उपाध्यक्ष तथा मोहम्मद फरजान को वरिष्ठ संगठन मंत्री नियुक्त किया गया। गुंजन सक्सेना को नगर अध्यक्ष महिला पूरनपुर, जबकि प्रीतम शर्मा को नगर उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा भी नगर पीलीभीत में कई व्यापारियों को नई जिम्मेदारियाँ दी गईं। जिला अध्यक्ष एम.ए. जिलानी ने विभिन्न क्षेत्रीय संयोजकों की नियुक्ति करते हुए कहा कि तहसील और कस्बा स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सदस्यता बढ़ाना नहीं, बल्कि हर उस व्यापारी की आवाज बनना है जो सरकारी जटिलताओं और असुरक्षा से जूझ रहा है।बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी रिटर्न फाइल करने की जटिल प्रक्रिया पर चिंता व्यक्त की। निर्णय लिया गया कि प्रतिनिधि मंडल शीघ्र ही जीएसटी डिप्टी कमिश्नर से मुलाकात कर इस प्रक्रिया के सरलीकरण की मांग करेगा। साथ ही बाजार क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, प्रमुख चैराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ संयुक्त योजना बनाने का निर्णय भी लिया गया। एम.ए. जिलानी ने अपने संबोधन में सरकार की व्यापारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और सदस्यों से इनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और संगठन हर स्थिति में अपने सदस्यों के साथ खड़ा रहेगा।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से तय हुआ कि संगठन का अगला व्यापारी सम्मेलन अगले माह के दूसरे सप्ताह में पूरनपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिलेभर से करीब 500 से अधिक व्यापारी शामिल होंगे। बैठक में प्रदेश मंत्री राजेश अग्रवाल, जिला महामंत्री पंकज अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला सपना यादव, प्रकाश वीर, रणवीर पाठक, प्रदीप शुक्ला, असगर नूर, रियाजुद्दीन राजू, तहसीन अंसारी, अशोक गुप्ता, राशिद अंसारी, शैली शर्मा, ऋषभ सिंह, विक्रांत मिश्रा, ममनून, कंचन सक्सेना, शोभनीय सिंह सहित जिले के करीब 200 पदाधिकारी मौजूद रहे।
