बीसलपुर। मंडी समिति परिसर में संचालित 33 धान क्रय केंद्रों पर उठान न होने के कारण स्थिति गंभीर हो गई है। 3 अक्टूबर से अब तक लगभग 70 हजार कुंतल धान की खरीद हो चुकी है, लेकिन मंडी के टीन शेड धान की बोरियों से पूर्ण रूप से भर चुके हैं। जगह न होने के कारण केंद्र प्रभारियों ने लगभग खरीद बंद कर दी है।
इस अव्यवस्था के चलते मंडी में धान बेचने पहुँचे किसानों की ट्रालियां बिलसंडा मार्ग तक लंबी कतारों में खड़ी हैं। ट्रालियों में करीब 3 हजार कुंतल से अधिक धान लदा हुआ बताया जा रहा है।इधर किसान लगातार अपना धान तौल करवाने के लिए केंद्र प्रभारियों पर दबाव बना रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि लेखपाल द्वारा उन्हें टोकन जारी कर दिए गए हैं, इसलिए केंद्र पर उनका धान तत्काल खरीदा जाना चाहिए। केंद्र प्रभारी जगह की कमी का हवाला देकर खरीद में आना-कानी कर रहे हैं, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मंडी के एम.ओ. जय सिंह ने बताया कि वे धान के उठान के लिए प्रयासरत हैं। जल्द ही उठान शुरू कर दिया जाएगा और किसानों का धान क्रमवार खरीदा जाएगा।
