लखनऊ। जोन 3 के लाल कॉलोनी पार्क, निराला नगर स्थित तिकोना पार्क में मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण को समर्पित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री एवं लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने पौधा रोपित कर अभियान की शुरुआत की। उनके साथ महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी पौधारोपण में सहभागिता की और सभी नागरिकों को प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार, क्षेत्रीय पार्षद अभिलाषा कटियार, भाजपा नेता सुनील मिश्रा, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, नम्रता सिंह, उद्यान अधीक्षक गंगाराम गौतम, शशिकांत शशि, जोन 3 के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र की बड़ी संख्या में मौजूद जनता ने भाग लिया।
पौधारोपण के बाद अपने संबोधन में मंत्री सुरेश खन्ना जी ने कहा,
“एक पेड़ मां के नाम अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृभूमि और मातृशक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक हरित उपहार है। हमें मिलकर अपने शहर को अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बनाना है।”
महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी नागरिकों को प्रेरित करते हुए कहा,
“प्रकृति हमें जीवन देती है, इसलिए उसका संरक्षण हमारा कर्तव्य है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर हम न केवल पर्यावरण को संवार रहे हैं, बल्कि अपनी मातृभूमि के प्रति श्रद्धा भी व्यक्त कर रहे हैं।
