लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी परिणाम दे रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को तहसील सरोजनी नगर के अंतर्गत स्थित बिजनौर में ग्राम मिनजुमला गाटा संख्या 219, क्षेत्रफल 0.173 हेक्टेयर, जो राजस्व अभिलेखों में ऊसर खाते में दर्ज है और नगर निगम की निहित संपत्ति के रूप में चिन्हित है, लंबे समय से अवैध अतिक्रमण की चपेट में थी। बताया गया कि कुछ लोगों द्वारा इस सरकारी भूमि पर बिना किसी विधिक विभाजन के न केवल सड़क का निर्माण प्रारम्भ कर दिया गया था, बल्कि दूसरी ओर अवैध प्लाटिंग कार्य भी संचालित किया जा रहा था। यह गतिविधि स्पष्ट रूप से सरकारी भूमि को नुकसान पहुँचाने और कब्जाने का प्रयास माना गया।
कार्रवाई के दौरान पूरे अभियान का संचालन नगर निगम के प्रभारी अधिकारी (संपत्ति) रामेश्वर प्रसाद के निर्देशन में किया गया। इसके लिए तहसीलदार सरोजनी नगर अरविन्द पाण्डेय द्वारा आवश्यक राजस्व टीम भी उपलब्ध कराई गई। इस अभियान का नेतृत्व नगर निगम के नायब तहसीलदार तेजस्वी प्रसाद त्रिपाठी ने किया, जिन्होंने स्थल पर टीम को संगठित करते हुए पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपादित कराया।अभियान में सहयोग के लिए नगर निगम के लेखपाल अनुपम कुमार तथा अनुचर लालता प्रसाद यादव भी उपस्थित रहे। टीम ने मौके पर मौजूद अवैध निर्माण सामग्री को हटवाया, अनधिकृत रूप से बनी संरचनाओं को ढहवाया तथा भूमि को दुरुस्त कर सरकारी कब्जे में पुनः दर्ज कराया।
