सोनभद्र। भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। दलितों, पिछड़ों और गरीबों पर अत्याचार की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ रही हैं, जबकि सरकार और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सामंती ताकतों का मनोबल बढ़ गया है और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को सोनभद्र दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान सपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में हर वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था का हाल यह है कि गरीब और कमजोर वर्ग न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं, जबकि सत्ता से जुड़े लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। श्याम लाल पाल ने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों को योजनाओं से वंचित किया जा रहा है। उनके अधिकारों और आरक्षण पर कुठाराघात हो रहा है। प्रशासन और पुलिस सत्ता के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी वर्गों को समान अवसर मिलना चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने समाज को जाति और वर्गों में बाँट दिया है। प्रदेश अध्यक्ष ने स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकतर सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी है। मरीज इलाज के लिए दर-दर भटक रहे हैं। गरीबों को दवा के लिए बाहर की दुकानों पर निर्भर रहना पड़ता है। स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और सरकार केवल कागज़ों में योजनाओं का ढोल पीट रही है। पाल ने कहा कि भाजपा सरकार के झूठे दावे अब जनता के सामने उजागर हो चुके हैं। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई से आम आदमी त्रस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने नाकामियों को छिपाने के लिए विपक्ष पर आरोप लगाती है, लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि भाजपा शासन में जनता का विश्वास टूट चुका है। खनन को लेकर उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब खुद भाजपा के नेता अवैध खनन में शामिल हैं, तो प्रशासन कार्रवाई कैसे करेगा? उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन खुलेआम चल रहा है और इससे सरकार के नेताओं को फायदा पहुंचाया जा रहा है। श्याम लाल पाल ने कहा कि भाजपा सरकार में न तो गरीबों की सुनी जा रही है, न ही किसानों की। किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं और महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाओं की सरकार बनकर रह गई है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता की तकलीफें बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि इन परिस्थितियों से मुक्ति पाने का एकमात्र रास्ता समाजवादी पार्टी है। उन्होंने कहा कि सपा ही वह पार्टी है जो समाज के हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा करने और समान अवसर देने में विश्वास रखती है। प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे। सभी ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में बदलाव की जरूरत बताई। इस दौरान जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, जयप्रकाश उर्फ चेखूर पांडेय, रमेश दुबे,मन्नू पाांडेय, रविंद्र बहादुर सिंह, संजय यादव, विजय यादव, अनिल यादव, चौधरी यशवंत सिंह, मुनीर अहमद, राम भरोसे सिंह, लाल बहादुर पाल, उमेश पाल, महें पाल, त्रिपुरारी गौड़, सुरेश यादव, लोकपति सिंह हिदायत उल्ला, अभय यादव, मंदाकिनी पांडेय, निधि पांडेय, रमेश सिंह यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
!doctype>
