बीसलपुरः रसिया खानपुर में बुखार से मौतों का सिलसिला जारी, गांव में फैली दहशत! स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम सक्रिय, एसडीएम पहुंचे मौके परय प्रधान ने जेसीबी से कराई सफाई
October 10, 2025
बीसलपुर। गांव रसिया खानपुर में बुखार से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही मौतों से गांव में दहशत का माहौल है। गुरुवार को भी 17 वर्षीय किशोरी सनूवर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीएम नागेंद्र पांडे गांव पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। गांव में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका जताई जा रही है। सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आशा कार्यकर्ताओं की टीम बनाकर घर-घर जांच शुरू कराई है। गांव में डॉ. आलमगीर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। बावजूद इसके बीमारी पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा। इस बीच ग्राम प्रधान रासिद मियां ने गांव में सफाई अभियान तेज कर दिया है। जेसीबी मशीन से गांव के बाहर पड़े कूड़े और गंदगी को हटवाया जा रहा है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
