सख्त नियम लाने की तैयारी! भारत में विमानों में पावर बैंक के इस्तेमाल पर लगेगा बैन
October 23, 2025
भारत में हवाई यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर कड़े नियम लागू करने की तैयारी में जुटी है. DGCA की ओर से यह कदम हाल ही में दिल्ली में इंडिगो एयरलाइन की एक फ्लाइट में आग लगने की घटना सामने आने के बाद उठाया जा रहा है. जिसमें लिथियम बैटरी से संचालित होने वाले उपकरण (पावर बैंक) से जुड़ी सुरक्षा चिंताएं शामिल हैं. ऐसे में अब DGCA विमानों में पावर बैंक के उपयोग पर संभावित राष्ट्रीय बैन लगाने या सख्त नियम लागू करने पर विचार कर रहा है.
दरअसल, इस हफ्ते की शुरुआत में रविवार (19 अक्टूबर, 2025) को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नागालैंड के दीमापुर के लिए रवाना होने वाली इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री का पावर बैंक टैक्सींग के दौरान आग पकड़ लिया. हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और विमान के केबिन क्रू ने तुरंत आग पर काबू पा लिया.
इस घटना के सामने आने के बाद डीजीसीए ने विमानों में पावर बैंकों के प्रबंधन की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी है. इस दौरान यह देखा जा रहा है कि यात्रियों और एयरलाइनों दोनों की ओर से पावर बैंकों को किस तरह से संभाला जाता है. DGCA की समीक्षा के बाद पावर बैंक पर हवाई यात्रा के दौरान बैन, उसकी ऊर्जा क्षमता पर नियंत्रित सीमा या अगर जोखिमों को कम करना संभव नहीं हुआ तो फिर इसे पूरी तरह से प्रतिबंधित करने जैसे बड़े कदम भी उठाए जा सकते हैं.
इस घटना को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) को भी जानकारी दे दी गई है और दोनों एजेंसियां अब मिलकर नई सुरक्षा नीतियां तय करने पर काम कर रही हैं.
इंडिगो एयरलाइन ने रविवार (19 अक्टूबर) को दिल्ली एयरपोर्ट पर नागालैंड के दीमापुर जा रही फ्लाइट 6E 2107 में हुई घटना की पुष्टि की. एयरलाइन ने कहा, ‘फ्लाइट के टैक्सींग के तुरंत बाद एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में मामूली आग लग गई, जिसके बाद फ्लाइट वापस बे (Bay) में लौट गया. यह उपकरण यात्री सीट के बैक पॉकेट में रखा हुआ था. क्रू सदस्यों ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर्स का पालने करते हुए स्थिति को तुरंत संभाल लिया और कुछ ही पलों में आग पर काबू पा लिया गया.’
