इस बार खास होगी छठ पूजा, चाय-पानी से लेकर फूलों की बारिश तक, सरकार करेगी सब इंतजाम
October 22, 2025
बिहार में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि जिस तरह दिल्ली में दिवाली भव्य रूप से मनाई गई, उसी प्रकार छठ पूजा भी भव्य होगी। बुधवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री ने महापर्व छठ पूजा की तैयारियों का विस्तृत ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि इस बार यमुना किनारे 17 मॉर्डन घाट बनाए जाएंगे और शहर भर में 1000 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया कि इन सभी जगहों पर सरकार द्वारा पुष्प वर्षा से लेकर चाय-पानी तक के खास इंतजाम किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार ने वर्षों से यमुना किनारे छठ पूजा पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया है। उन्होंने कहा, "हम सरकार की ओर से सभी व्यवस्थाएं देते हुए पल्ला से कालिंदी तक 17 जगहों पर यमुना नदी के किनारे मार्डन छठ घाट बनाए जा रहे हैं।" उन्होंने आगे बताया कि शहर के अंदर छठ पूजा स्थलों की संख्या में भारी वृद्धि होने का अनुमान है। पिछली बार 929 स्थानों पर छठ पूजा के कार्यक्रम हुए थे, जबकि इस बार 1000 से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं।

 
 
 

