पीलीभीत। गांधी सभागार में सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने सीएम डैशबोर्ड और ₹50 लाख से अधिक लागत वाले निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापरक तरीके से पूर्ण किया जाए। बैठक में निपुण परीक्षा, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना और फैमिली आईडी की प्रगति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने फैमिली आईडी के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने और अन्य योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान आवास विकास, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, विद्युत, श्रम एवं सेवायोजन, यूपी सिडको, यूपीपीसीएल, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और राज्य सेतु निगम सहित विभिन्न विभागों द्वारा निर्माणाधीन परियोजनाओं की जानकारी दी गई।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि ललौरीखेड़ा, मरौरी और बीसलपुर में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों का निर्माण, दूनी बैराज, ब्रहमचारी घाट पर्यटन विकास कार्य, नर्सिंग कॉलेज व ड्रग वेयरहाउस निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अधूरे निर्माण कार्यों में तेजी लाकर उन्हें समय पर पूरा कराया जाए और पूर्ण कार्यों का हैंडओवर शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बरखेड़ा विकासखंड में पूर्ण हो चुकी गौशाला का उद्घाटन शीघ्र कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, परियोजना निदेशक, उप कृषि निदेशक, उपायुक्त उद्योग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
