बीसलपुर: मंडी समिति में धान की तौल बनी किसानों की मुसीबत! 37 धान क्रय केंद्रों पर धीमी रफ्तार से तौल, खुले में पड़ी फसल पर बारिश का असर किसानों में रोष
October 28, 2025
बीसलपुर । मंडी समिति परिसर में सोमवार को किसानों की परेशानी बढ़ गई जब धान की तौल में हो रही देरी के चलते सैकड़ों ट्रॉलियां मंडी के अंदर और बाहर घंटों खड़ी रहीं। प्रशासन द्वारा स्थापित 37 धान क्रय केंद्रों पर धान खरीद तो हो रही है, लेकिन केंद्र प्रभारियों की सुस्ती के कारण किसानों की ट्रॉलियां बीसलपुर-बिलसंडा मार्ग तक लंबी कतारों में लगी रहीं।खुले आसमान के नीचे खड़ी ट्रॉलियों में रखा धान बूंदाबांदी के कारण भीगने लगा, जिससे किसानों में भारी नाराजगी देखी गई। किसानों का कहना है कि उन्हें “अन्नदाता” तो कहा जाता है, लेकिन हर बार शोषण का शिकार वही बनते हैं। कई दिन से वे मंडी में टोकन लेकर खड़े हैं, लेकिन धान की तौल पूरी नहीं हो पा रही।मंडी परिसर में जमीन पर भी हजारों कुंतल धान खुले में पड़ा है, जो बरसात होने से खराब होने की कगार पर है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि धान की तौल की गति तेज कराई जाए और केंद्र प्रभारियों पर कार्रवाई की जाए। फिलहाल केंद्र प्रभारी की लापरवाही को लेकर किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
