Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

जंगलराज को सुशासन में बदला, अब बिहार को समृद्धि की राह पर ले जाना है-पीएम मोदी


बिहार के बेगूसराय में छठ पूजा के मौके पर आयोजित एनडीए की विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को संबोधित किया. छठ पर्व के शुभ अवसर पर पहुंचे प्रधानमंत्री ने बिहार की धरती को नमन करते हुए कहा कि यह समय 'सुशासन से समृद्धि' की ओर बढ़ने का है. कार्यक्रम की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पीएम मोदी का छठ पूजा के प्रतीक मोमेंटो और मखाने की माला देकर स्वागत किया. प्रधानमंत्री ने जीविका दीदियों को सूप भेंट कर सम्मानित किया.

भाषण की शुरुआत भोजपुरी में करते हुए पीएम मोदी ने कहा -'हम तोहरा सबके प्रणाम करिए छियो... की हाल-चाल छौ.' उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर और बिहार केसरी श्रीकृष्ण बाबू को नमन करते हैं. मोदी ने कहा, 'छठी मईया का आशीर्वाद सब पर बना रहे. जब छठ की बात आती है, तो शारदा सिन्हा जी को याद करना बनता है. हमारी सरकार को उन्हें पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित करने का अवसर मिला. मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.

प्रधानमंत्री ने कहा, 'यह बिहार के नए संकल्पों का मेला है. फिर एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन की सरकार.' उन्होंने कहा, 'आपने मोदी पर भरोसा किया है, नीतीश जी पर आशीर्वाद बरसाया है. अब हमें जंगलराज को सुशासन में बदलने के बाद, सुशासन को समृद्धि में बदलना है.' पीएम मोदी ने कहा, 'मैं बिहार की समृद्धि के लिए आप सबका आशीर्वाद लेने आया हूं.' पीएम मोदी ने कहा कि 2025 का अक्टूबर-नवंबर बिहार के लिए नए अवसर लेकर आया है. उन्होंने कहा, 'अब समय है कि हम अपने और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक समृद्ध बिहार बनाएं. आपके वोट से ही बिहार की दिशा और विकास तय होगा.'

विपक्ष पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'एक तरफ एनडीए है, वहीं दूसरी तरफ लाठियां भांजने वाला ‘लठबंधन’. ये लोग सामने कुछ और बोलते हैं और पीछे एक-दूसरे की टांग खींचते हैं.' उन्होंने कहा कि राजद दो दशक से कोई चुनाव नहीं जीती, लेकिन अहंकार में डूबी है. 'इसी अहंकार में उन्होंने जेएमएम को ठुकरा दिया, कांग्रेस पिछलग्गू बनी रही और लेफ्ट को पिट्ठू बना लिया.' मोदी ने कहा, 'राजद का परिवार बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार है, ज्यादातर लोग जमानत पर हैं. कांग्रेस का परिवार भी जमानत पर बाहर है. बिहार ऐसे लोगों पर भरोसा नहीं करेगा.' उन्होंने कहा, 'ये लोग पहले टिकट बेचते हैं, फिर घोटाले करते हैं. इनके लिए सत्ता लूट का जरिया है, सेवा का नहीं.'

प्रधानमंत्री ने कहा, 'पूरे बिहार में एक ही नारा गूंज रहा है -‘नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार.’' उन्होंने कहा कि जंगलराज ने बिहार को डर और धौंस के अंधेरे दौर में धकेल दिया था, फैक्ट्रियां बंद हो गईं, निवेशक भाग गए. 'हमने बिहार को जंगलराज से मुक्त किया, अब यह औद्योगिक हब के रूप में आगे बढ़ रहा है.'

पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार के आने के बाद बेगूसराय का कायाकल्प हुआ है. 'बरौनी में नया पेट्रोकेमिकल प्लांट बन रहा है, बेगूसराय अब टेक्सटाइल हब भी बनता जा रहा है. पाइपलाइन से सस्ती गैस घरों तक पहुंच रही है, बिजली ने उद्योगों को नई ताकत दी है.' मोदी ने कहा, 'नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार में 50 लाख नए रोजगार बने हैं. आने वाले पांच सालों में इससे भी ज्यादा अवसर बनाए जाएंगे. हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का काम जारी है.' प्रधानमंत्री ने कहा, 'राजद-कांग्रेस का नाम सुनते ही निवेशक भाग जाते हैं. ये नौकरी के लालच में गरीबों की जमीन हथियाने वाले लोग हैं.' उन्होंने कहा, 'कांग्रेस के जमाने में सिर्फ दो मोबाइल फैक्ट्रियां थीं, आज 200 से ज़्यादा हैं. अब बिहार को लालटेन की कोई जरूरत नहीं.' पीएम मोदी ने कहा, 'पहले बिहार सात दशक तक सिर्फ राजेंद्र पुल पर निर्भर था, अब गंगा पर कई नए पुल बन चुके हैं. इससे सिमरिया धाम और आस-पास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी आसान हुई है.'

प्रधानमंत्री मोदी ने भावुक होकर कहा, 'मैं चांदी का चम्मच लेकर पैदा नहीं हुआ. गरीबी में जन्मा हूं और उसी गरीबी को मिटाने की कोशिश कर रहा हूं.' उन्होंने कहा, 'आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी की पुण्यतिथि है. देश नहीं भूल सकता कि कांग्रेस ने उनके साथ क्या किया, उन्हें घर में बंद किया, सड़क पर फेंका और अध्यक्ष पद छीन लिया. यह पार्टी सत्ता के लिए किसी का भी अपमान कर सकती है.' पीएम मोदी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 3 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का है. उन्होंने चेतावनी दी, 'राजद-कांग्रेस जैसे महिला विरोधी दलों से सावधान रहना. इन लोगों ने महिला कानून के कागज़ फाड़ दिए थे.' अंत में प्रधानमंत्री ने कहा, 'आप सब मेरे लिए मोदी हैं. घर-घर जाकर मेरी बात पहुंचाइए. हम सब मिलकर शांत, सुखी और समृद्ध बिहार बनाएंगे और जंगलराज वालों को दूर रखेंगे.'

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |