Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मैक्सवेल भारत के खिलाफ टी20 श्रृंखला में वापसी के लिए तैयार


ऑस्ट्रेलिया के करिश्माई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल कलाई में फ्रैक्चर से उबरने के बाद भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए वापसी करने को तैयार हैं जबकि युवा तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन को भी टीम में चुना गया है.

मौजूदा वनडे श्रृंखला के बाद टी20 श्रृंखला 29 अक्टूबर से कैनबरा में शुरू होगी. इस पांच मैचों की श्रृंखला के लिए 37 वर्षीय मैक्सवेल और बियर्डमैन अंतिम तीन मैचों के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे. इसके अलावा तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और गेंदबाजी ऑलराउंडर सीन एबॉट क्रमशः पहले दो और तीन मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे.

सितंबर में न्यूजीलैंड में ऑस्ट्रेलिया की तीन मैचों की टी20 श्रृंखला से पहले नेट पर गेंदबाजी करते समय मैक्सवेल की कलाई में फ्रैक्चर हो गया था.

बीस वर्षीय बियर्डमैन ने अब तक लिस्ट ए के पांच मैचों और बिग बैश लीग के दो मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे वह भारत के खिलाफ इस महत्वपूर्ण श्रृंखला के लिए टीम में जगह बनाने में सफल रहे.

वह 2024 में ऑस्ट्रेलियाई अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली टीम के स्टार खिलाड़ी थे. उन्होंने फाइनल में तीन विकेट लिए थे. उन्होंने पिछले साल सीनियर वनडे टीम के साथ इंग्लैंड का दौरा भी किया था, लेकिन उन्हें तब खेलने का मौका नहीं मिला था.

इस बीच ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाले तीसरे और अंतिम वनडे के लिए तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स और बाएं हाथ के स्पिनर मैट कुहनेमैन को टीम में शामिल किया है, जबकि मार्नस लाबुशेन को शेफील्ड शील्ड में खेलने के लिए रिलीज कर दिया गया है.

लाबुशेन को पर्थ में भारत के खिलाफ पहले मैच से पहले वनडे टीम में शामिल किया गया था, क्योंकि ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को हल्की चोट के कारण बाहर होना पड़ा था.

लाबुशेन हालांकि इन दोनों मैच के लिए अंतिम एकादश में जगह नहीं बना पाए थे. ऑस्ट्रेलिया ने इन दोनों मैच में जीत दर्ज करके श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल कर ली है. विकेटकीपर जोश इंगलिस को अंतिम वनडे में खेलने का मौका मिल सकता है.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |