Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आसमानी आफत! दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में बारिश का रेड अलर्ट


राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। आज भी दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। यमुना नदी पहले ही पूरे उफान पर है और मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के बाद यमुना के तटवर्ती इलाकों खासतौर से निचले इलाके में रहने वाले लोगों के लिए नई मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।

आज दोपहर से अचानक दिल्ली-एनसीआर के आसमान पर घने बादल छाने लगे। देखते ही देखते मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाने से ट्रैफिक भी स्लो हो गया है। वहीं लगातार बारिश और सड़कों पर ट्रैफिक स्लो होने के चलते मेट्रो में लोगों की भीड़ भी बढ़ी है।

दिल्ली में पुराने लोहे वाले रेल पुल के पास आज दोपहर एक बजे यमुना नदी का जलस्तर 207 मीटर तक बढ़ गया। इससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए। इन इलाकों से करीब 7500 लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक बाढ़ग्रस्त इलाकों से निकाले गए लोगों को रखने के लिए राहत शिविर बनाए गए हैं।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘पांच जिलों - पूर्व, उत्तर, दक्षिण-पूर्व, उत्तर-पूर्व और मध्य दिल्ली से 7,500 से अधिक लोगों को निकाला गया है। उन्हें 25 जगहों पर बने राहत शिविरों में पहुंचाया गया है, जिनमें तंबू, स्कूल आदि शामिल हैं।’’

बता दें कि दिल्ली में यमुना नदी मंगलवार को खतरे के निशान को पार कर गई थी। जलस्तर बढ़ने के कारण, जिला प्रशासन निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहा है। केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘जलस्तर बढ़ने का मुख्य कारण वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे छोड़े जा रहे पानी की भारी मात्रा है। पूर्वानुमान के अनुसार जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है।’’ सुबह आठ बजे हथिनीकुंड बैराज से नदी में 1.62 लाख क्यूसेक और वजीराबाद बैराज से 1.38 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |