लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया।
जोन-2 में जोनल सेनेटरी ऑफिसर राम सकल के नेतृत्व में सुभाष मार्ग व ई-ब्लॉक मार्केट राजाजीपुरम क्षेत्र में अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान गंदगी और अतिक्रमण के मामलों में 5 चालान कर 5000 का जुर्माना वसूला गया। वहीं प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रयोग पर 7 चालान कर 28,000 का जुर्माना लगाया गया। कुल मिलाकर 33,000 का जुर्माना वसूला गया।
इसी तरह जोन-5 क्षेत्र में सरोजनी नगर एक्सटेंशन स्थित मेसर्स अशोक लीलैंड प्लांट साइट से लेकर नादरगंज चैराहे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जोनल अधिकारी नंदकिशोर के नेतृत्व में कर अधीक्षक आलोक कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक अनुज गौड़, प्रवर्तन दल (296) और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
इसके अतिरिक्त जोन 6 में वार्ड कन्हैया माधोपुर प्रथम एवं द्वितीय तथा बालागंज क्षेत्र में दुबग्गा चैराहे से सीतापुर बाईपास तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान भारी विरोध का सामना करने के बावजूद नगर निगम टीम ने 50 ठेले, 10 गुमटी और 45 अस्थाई दुकानों को हटाया। साथ ही अतिक्रमणकारियों से 5000 का जुर्माना भी वसूला गया और पुनः अतिक्रमण न होने पाए इसके लिए क्षेत्रीय थानाध्यक्ष को पत्र भेजा गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल अधिकारी मनोज यादव ने किया। अभियान में कर अधीक्षक विजय शंकर, राजस्व निरीक्षक, नमिता सिंह, कर निरीक्षक धर्मदेव, प्रवर्तन दल (296), ईटीएफ और क्षेत्रीय पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि शहर में किसी भी कीमत पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान आगामी दिनों में भी सख्ती के साथ जारी रहेगा, जिससे आम नागरिकों को सुगम यातायात और स्वच्छ वातावरण मिल सके।