शुकुलबाजार: गूंजे जयकारे, हजारों भक्तों संग निकली भव्य कलश शोभायात्रा
September 22, 2025
शुकुलबाजार/अमेठी। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन सोमवार को स्थानीय कस्बे में आस्था और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। देवी मां की प्रतिमा स्थापना से पूर्व कटरा चैराहा, कस्बा शुकुल बाजार ,अंबेडकर चैराहा, मवैया और पांडेगंज क्षेत्र सहित दर्जनों गांवों द्वारा भव्य एवं दिव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में मां भक्त उमड़ पड़े और पूरे मार्ग में “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर महिलाएं, पुरुष और युवा श्रद्धा के साथ झूमते नजर आए। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु हाथों में कलश लिए मां दुर्गा के गीत गाते हुए चल रहे थे। जगह-जगह पर पुष्पवर्षा और स्वागत द्वारों से शोभायात्रा का अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय रंग में रंग गया। आयोजकों ने बताया कि नवरात्रि के प्रथम दिन कलश शोभायात्रा का विशेष महत्व है। थाना अध्यक्ष अभिनेष कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर स्वयं मौजूद रहकर सुरक्षा और यातायात की व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे। जिससे श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा अर्चना कर सके।
