बाराबंकीः सात घंटे गुल रही बिजली, चिपचिपाती गर्मी में बेहाल रहे लोग
September 14, 2025
मसौली/बाराबंकी। चंदौली से मसौली उपकेंद्र को सप्लाई करने वाली 33 हजार हाईटेंशन लाइन शनिवार रात अचानक तार टूट जाने से ठप हो गई। रात करीब आठ बजे शुरू हुआ यह संकट पूरे सात घंटे तक जारी रहा, जिससे कस्बे व ग्रामीण अंधेरे और उमस भरी गर्मी में तड़पते रहे।जानकारी के मुताबिक, रोस्टिंग खत्म होने के बाद जैसे ही चंदौली से सप्लाई चालू हुई, लाइन ट्रिप कर गई और बिजली गुल हो गई। एसडीओ बिमलेश मौर्या के निर्देश पर अवर अभियंता लालजी सिंह अपनी टीम (बिजय गुप्ता, प्रदीप यादव, विजयपाल, मनोज कुमार) संग रात में ही पेट्रोलिंग पर निकले। खेतों और जंगलों के बीच कई घंटों की मशक्कत के बाद फतेहसराय के पास टूटा तार मिला। कड़ी मेहनत के बाद रात्रि ढाई बजे सप्लाई बहाल हो सकी।बिजली आते ही लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन पूरे दिन की भीषण गर्मी और रातभर की तकलीफ ने ग्रामीणों को बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने को मजबूर कर दिया।
