पीलीभीत। लिटिल एंजेल्स स्कूल में बुधवार को श्रमजीवी दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। यह दिवस विशेष रूप से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के सम्मान और उनके योगदान को याद करने के लिए आयोजित किया गया। इस मौके पर कर्मचारियों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का संचालन वर्षा सक्सेना ने किया। उन्होंने इस अवसर पर श्रमजीवी दिवस के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। विद्यालय प्रबंधक डॉ. संजीव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “किसी भी विद्यालय की नींव चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी होते हैं। हमारे विद्यालय में सभी कर्मचारी ईमानदारी और लगन के साथ कार्य करते हैं। उनकी मेहनत को सम्मान देने के लिए यह दिवस उनके नाम किया गया है।”
इस अवसर पर विद्यालय की आयाओं ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिन्हें सुनकर सभी उपस्थित लोगों ने तालियों से उनकी सराहना की। इसके बाद कर्मचारियों के लिए म्यूजिकल चेयर और कप रेस जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं कराई गईं, जिनमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।कार्यक्रम में विजेताओं एवं उपविजेताओं को विद्यालय प्रबंधक डॉ. संजीव अग्रवाल, प्रधानाचार्य एन.सी. पाठक, कार्यकारी निदेशक उज्जवल अग्रवाल, उपप्रधानाचार्या अंजू सक्सेना और हेडमिस्ट्रेस नीना मेहरोत्रा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी आयाओं, रिक्शा चालकों और चपरासियों को सम्मानित करने के बाद उन्हें भोजन भी कराया गया। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन के माध्यम से कर्मचारियों के समर्पण और योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
