लखनऊ । राजधानी लखनऊ के चिनहट स्थित रामा महाविद्यालय में बी.एड. विभाग का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।
महाविद्यालय के प्रबंधक मनोज यादव जी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं, अतः बी.एड. के विद्यार्थी अपने आचरण और शिक्षा से आदर्श प्रस्तुत करें।
महाविद्यालय के निदेशक अभिषेक यादव जी ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि नया सत्र नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करता है, इसलिए विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता और शोधपरक दृष्टि अपनानी चाहिए।
प्राचार्य डॉ. मयंक सिंह ने कहा कि अनुशासन, निष्ठा और नियमित अध्ययन सफलता की कुंजी है और महाविद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए संकल्पित है।
विभागाध्यक्ष डॉ. किरण द्विवेदी ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए ओरिएंटेशन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला और कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कोर्स संरचना, गतिविधियों तथा प्रशिक्षण की पद्धति से अवगत कराया जाता है।
कार्यक्रम में बी.एड. के पिछले बैच के मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए पुरस्कार भी वितरित किए गए, जिससे नवप्रवेशी विद्यार्थियों को प्रेरणा मिली।
इस अवसर पर विभाग के सभी शिक्षकगण भी उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान किया। इस आयोजन से विद्यालय के विद्यार्थियों में बहुत उत्साह देखने को मिला।
