Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

जमानत मिलने के चार दिन बाद जेल से रिहा हुए हरियाणवी फिल्मों के सुपरस्टार उत्तर कुमार


गाजियाबाद (विधान केसरी)। हरियाणवी फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता और "धाकड़ छोरा" फेम सुपरस्टार उत्तर कुमार को मंगलवार सुबह जेल से रिहा कर दिया गया। करीब दस दिन जेल में रहने के बाद उन्हें 25 सितंबर को एससी-एसटी कोर्ट से जमानत मिली थी। करीब चार दिन चली कागजी कार्यवाही के बाद 30 सितंबर की सुबह जेल में उनका रिलीविंग ऑर्डर पहुंचते ही वे बाहर आए। इस दौरान जेल के बाहर बड़ी तादाद में मौजूद समर्थकों और प्रशंसकों ने उनका भव्य स्वागत किया।
जेल से रिहाई के बाद समर्थकों मित्रो से बातचीत करते धाकड़ छोरा उत्तर कुमार 

उत्तर कुमार की रिहाई की खबर सुनते ही दूर-दराज से उनके चाहने वाले जेल परिसर पहुंचे और अपने चहेते अभिनेता की एक झलक पाने को उत्साहित दिखे। अभिनेता ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और समर्थकों से घिरे हुए जेल से बाहर निकले। रिहाई के बाद मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में उत्तर कुमार ने कहा, “मुझे न्यायिक प्रक्रिया और संविधान पर पूरा भरोसा है। मैंने हमेशा सादा जीवन और उच्च विचार को अपनाया है। जेल में भी मुझे प्रशंसकों और समर्थकों से बहुत सम्मान और स्नेह मिला। जब मैंने कुछ गलत किया ही नहीं, तो मुझे विश्वास है कि देश का कानून मेरे साथ कभी अन्याय नहीं करेगा।” उन्होंने आगे कहा कि वे इस मामले पर पहले भी मीडिया में कोई टिप्पणी नहीं करते थे और आगे भी नहीं करेंगे। अभिनेता ने कहा, “मुश्किल की इस घड़ी में मेरे मित्रों, शुभचिंतकों और प्रशंसकों ने खुलकर मेरा साथ दिया। मैं उनका दिल से आभार व्यक्त करता हूं। जिस तरह से अब तक न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग करता आया हूं, उसी तरह आगे भी करता रहूंगा। यह मेरे प्रशंसकों का प्यार और विश्वास ही है जिसकी बदौलत मुझे पहली ही तारीख में कोर्ट से जमानत मिल गई।”
गौरतलब है कि उत्तर कुमार पर कुछ समय पहले एक महिला द्वारा गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिसके चलते उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हालांकि, 25 सितंबर को एससी-एसटी कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका स्वीकार कर ली थी। उत्तर कुमार हरियाणवी सिनेमा के सुपरस्टार माने जाते हैं और उनके लाखों प्रशंसक हरियाणा समेत उत्तर भारत में मौजूद हैं। उनके जेल से बाहर आने के बाद प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |