बड़ी घटना! हॉस्टल के कमरे में 2 छात्रों ने एक-दूसरे को गोली मारी
September 09, 2025
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में 2 छात्रों के बीच निजी कॉलेज के हॉस्टल के कमरे में गोलीकांड हो गया है। दोनों छात्रों ने एक-दूसरे को गोली मार दी है। इस घटना में एक MBA छात्र की मौत हो गई है और दूसरा पीजीडीएम छात्र गंभीर रूप से घायल है।
मामला ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क इलाके का है। ग्रेटर नोएडा में निजी कॉलेज हॉस्टल के कमरे में गोलीकांड हुआ है। दो छात्रों ने आपस में गोली मारी है। कमरे का गेट अंदर से बंद था, सिक्योरिटी गार्ड ने कराहने की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचा। वार्डन और सिक्योरिटी गार्ड ने पीछे से बालकनी का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला। यहां MBA छात्र दीपक कुमार मृत पाया गया और पीजीडीएम छात्र देवांश चौहान गंभीर रूप से घायल है।
घायल छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को मौके से लाइसेंसी रिवॉल्वर, 4 जिंदा कारतूस, 2 खोखे, मोबाइल और लैपटॉप बरामद हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। पुलिस घटना की सभी एंगल से जांच कर रही है।
इससे पहले जुलाई 2025 में भी ग्रेटर नोएडा छात्रों से जुड़ी खबर की वजह से चर्चा में रहा था। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में शारदा यूनिवर्सिटी की बीडीएस सेकंड ईयर की छात्रा ने सुसाइड कर ली थी। छात्रा ने मंडेला गर्ल्स हॉस्टल में फांसी लगाकर सुसाइड की थी। छात्रा ने सुसाइड नोट में 2 टीचरों पर गंभीर आरोप लगाए थे।
बता दें कि ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में कई कॉलेज और यूनिवर्सिटीज हैं। इसे स्टूडेंट्स का गढ़ माना जाता है। ऐसे में यहां से सबसे ज्यादा खबरें स्टूडेंट्स से संबंधित आती हैं। इसमें सुसाइड के मामले सबसे ज्यादा आते हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस को इस इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए और गश्त बढ़ानी चाहिए।
