शाहबाद। सोमवार शाम में गांव की लड़कियों के साथ चारा लेने गई छात्रा गांव के पास बह रही कोसी नदी में गिरकर गुम हो गई। छात्रा की तलाश में अफसर और ग्रामीण 24 घंटे से लगे रहे, लेकिन छात्रा का मंगलवार शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका।
मिली जानकारी के अनुसार पटवाई थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाबनगर कनौबी गांव के रहने वाले डालचंद की 15 वर्षीय बेटी निशू खेत से घास काटने गई थी, जैसे ही वह खेत के पास पहुंचे, पास में ही बह रही नदी में लड़खड़ाकर गिर गई। छात्रा के आसपास मौजूद लड़कियों ने शोर मचाकर लोगों को एकत्र किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने नदी में छात्रा को खोजने के लिए स्थानीय गोताखोरों को लगाया लेकिन सोमवार शाम तक काफी खोजने के बाद भी निशू का कोई सुराग नहीं मिल सका। उधर मंगलवार को एसडीएम हिमांशु उपाध्याय और तहसीलदार अमित कुमार की उपस्थिति में छात्रा को ढूंढने के लिए फिर से तलाशी अभियान शुरू किया गया। लेकिन 24 घंटे बीतने के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका। मिली जानकारी के अनुसार छात्रा ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ती थी। तहसीलदार अमित कुमार ने बताया कि जिस जगह लड़की डूबी थी, उसके बाद ही कोसी और रामगंगा नदियां मिल रही है। बरसात में नदी में पानी ज्यादा है।तहसीलदार अमित कुमार ने बताया कि एन डी आर एफ की टीम भी तलाश में लगी हुई है फिलहाल लड़की का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
