पीलीभीत। महिलाओं के स्वास्थ्य को परिवार और समाज की मजबूती का आधार मानते हुए स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत आज ब्लॉक बिलसंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दियोरिया कलां में एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान अजय सिंह ने फीता काटकर किया।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर ग्राम प्रधान अजय सिंह ने उपस्थित जनमानस को संबोधित करते हुए कहा यदि नारी स्वस्थ है तो परिवार सशक्त होगा और यही सशक्त परिवार आगे चलकर राष्ट्र की उन्नति और प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हर महिला को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए, तभी एक स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपनी जांच कराएं और निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श व दवाइयों का लाभ उठाएं। शिविर का संचालन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. छत्रपाल ने किया। उन्होंने प्रत्येक स्टॉल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही लाभार्थियों को भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उन्हें पूरी तत्परता और पारदर्शिता से उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे लोगों की विभिन्न रोगों की जांच की गई और उन्हें परामर्श दिया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. अनुपम जैसवाल, डॉ. दानियाल अहमद, डॉ. शकील, जुगल किशोर, डॉ. रामवचन पटेल, डॉ. संदीप, पल्लवी सक्सेना, सोमवीर, अवधेश शर्मा, जयेश मिश्रा, रश्मि राठौर, पलाश शर्मा और राजेश कनौजिया ने सेवाएं प्रदान की, शिविर में लगभग 405 लाभार्थियों ने पंजीकरण कराया और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। महिलाओं को उनके स्वास्थ्य संबंधी विशेष परामर्श दिया गया तथा उन्हें संतुलित आहार, एनीमिया से बचाव, प्रसव पूर्व व प्रसव पश्चात देखभाल, स्तन कैंसर और अन्य सामान्य बीमारियों की रोकथाम के उपाय बताए गए।
शिविर में मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रतिभागियों को आयुष्मान भारत योजना, जननी सुरक्षा योजना, परिवार नियोजन कार्यक्रम और टीकाकरण अभियान जैसी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही लोगों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर इलाज से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
