यूपी का बिजली विभाग फिर चर्चा में, जेई ने की अभद्रता तो मंत्री ने खुद उतारा खराब ट्रांसफार्मर
August 06, 2025
यूपी के सीतापुर में खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने को लेकर कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही का बिजली विभाग के अधिकारियों पर गुस्सा फूट पड़ा। कारागार राज्य मंत्री और अधीक्षण अभियंता के बीच जमकर तू तू मैं मैं हुई। बिजली विभाग के अफसरों द्वारा की गई अभद्रता से नाराज कारागार राज्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर खुद रस्सी से ट्रांसफार्मर उतारा। इतना ही नहीं बिजली विभाग के अधिकारियों की अभद्र कार्य शैली को लेकर उप केंद्र पर ही धरने पर बैठ गए।
जानकारी के अनुसार, पिछले 15 दिन हरगांव क्षेत्र के कोरैया उदनापुर के वाशिंदे अंधेरे में अपना जीवन यापन कर रहे हैं। इलाके के लोगों ने इसकी शिकायत मंत्री से की थी। कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही जेई से ट्रांसफार्मर बदलवाने की बात कही थी। आरोप है कि जेई सहित अधिशासी अभियंता से लेकर अधीक्षण अभियंता तक ने मंत्री से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इससे नाराज होकर कारागार मंत्री धरने पर बैठ गए।
कोरैया उदनापुर के ग्रामीणों ने राज्यमंत्री से ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद भी ट्रांसफार्मर न बदले जाने की शिकायत की थी। जिस पर कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने हरगांव पावर हॉउस के जेई रमेश मिश्रा से ट्रांसफार्मर बदलवाने को कहा। जेई ने फोन पर अभद्रता पूर्वक बात करते हुए मंत्री से स्वयं ट्रांसफार्मर स्टोर से बदलवाने को कह दिया। इसके बाद मंत्री एमडी विद्युत से बात करने के लिए फोन मिलाया तो उनके स्टाफ ने कहा कि एमडी मैडम व्यस्त हैं अभी बात नहीं हो पाएगी।
