बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में शनिवार की सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल पक्ष वाले आश्चर्य चकित हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के महरौ निवासी सरिता (20) की शादी इसी साल 2025 में शेखपुर निवासी अभिषेक राजभर के साथ हुई थी। अभिषेक प्राइवेट नौकरी करता है। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार की रात सरिता ने प्रतिदिन की भांति भोजन करने के बाद सास के पैर दबाए और अपने कमरे में सोने चली गई। शनिवार की सुबह सरिता देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों ने आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने खिड़की से देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सरिता का शव फंदे से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।