No title
August 24, 2025
बीसलपुर। कस्बे के निकट गांव रसूला में शनिवार को एक छात्र का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पूर्व प्रधान जयबीर गंगबार के बेटे राजीव कुमार के रूप में हुई है। वह टीईटी की तैयारी कर रहा था। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, राजीव शनिवार दोपहर हाथ में थैला लेकर बाइक से घर से निकला था, लेकिन देर रात तक घर न लौटने पर उसकी तलाश शुरू हुई।राजीव की तलाश के दौरान देर रात उसकी बाइक गांव से कुछ दूरी पर खेत के किनारे चकरोड पर खड़ी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन की तो उसी खेत की मेड़ पर उसका शव पड़ा मिला। शव देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक राजीव कुमार के पिता जयबीर गंगबार पूर्व प्रधान रह चुके हैं। घर के चिराग की असमय मौत से परिवारजन और रिश्तेदार गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि राजीव मेहनती और गंभीर स्वभाव का युवक था, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
