पीलीभीत। पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने विगत दिवस को थाना न्यूरिया का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल थाने की व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया बल्कि थाने की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने के लिए कई अहम निर्देश भी दिए।निरीक्षण के समय एएसपी ने सबसे पहले थाना परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने परिसर में उगी हुई झाड़ियों व घास को कटवाने के निर्देश दिए ताकि स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण बना रहे। इसके साथ ही कर्मचारियों के बैरिक, शौचालयों व आवासीय परिसर की साफ-सफाई पर विशेष बल देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही कार्य में दक्षता और अनुशासन दोनों बढ़ते हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाने के अभिलेखों का परीक्षण कर उन्हें अद्यावधिक रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभिलेखों का सुव्यवस्थित और अद्यतन होना पुलिस कार्यवाही की पारदर्शिता और प्रभावशीलता का आधार है।इसके अतिरिक्त उन्होंने थाने में उपलब्ध शस्त्रों की स्थिति की भी जांच की। मौके पर ही पुलिसकर्मियों को शस्त्र खोलने-बाँधने का अभ्यास कराया गया और शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई करने का निर्देश दिया गया।निरीक्षण के दौरान एएसपी ने थाना मेस का जायजा लिया और वहां पर स्वयं भोजन ग्रहण किया। उन्होंने न केवल भोजन की गुणवत्ता और स्वाद की जांच की बल्कि यह भी सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए कि थाने के समस्त कर्मचारियों को पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन मिले।निरीक्षण के पश्चात् अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी विवेचकों के साथ बैठक की। इस बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं की समीक्षा तथा जनता से प्राप्त प्रार्थना पत्रों और आइजीआरएस पोर्टल से दर्ज शिकायतों पर चर्चा की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होना चाहिए, ताकि जनता को समय पर न्याय मिल सके और पुलिस पर जनता का विश्वास और मजबूत हो।श्री दहिया ने थाने के प्रभारी सहित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और तत्परता से करें। स्वच्छता, समयबद्धता, शस्त्र प्रबंधन और अपराध नियंत्रण पुलिस व्यवस्था की रीढ़ हैं और इनमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निरीक्षण न केवल नियमित प्रक्रिया का हिस्सा था, बल्कि थाने की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, अनुशासित एवं जनता-हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
