मुहम्मदाबाद युसुफपुर/गाजीपुर। स्थानीय थाना कोतवाली मुहम्मदाबाद क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में एक दुखद घटना में 55 वर्षीय विशेश्वर राम की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। वह बुधवार को गांव के निकट भगड़ा इलाके में नहाने गए थे, जहां गंगा नदी का उफनता पानी फैला हुआ था। गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि लोग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहें। बावजूद इसके, विशेश्वर राम ने चेतावनी की अनदेखी करते हुए जलमग्न क्षेत्र में प्रवेश किया। नहाते समय वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहने लगे। स्थानीय लोगों ने उन्हें पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया और अंततः सफल भी हुए, लेकिन तब तक वह अचेत हो चुके थे। परिजन और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और विशेश्वर राम को गाजीपुर ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना के बाद प्रशासन ने दोहराया है कि नागरिक बाढ़ग्रस्त इलाकों में जाने से परहेज करें और सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
.jpg)