पीलीभीत: भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, स्कूल 6 और 7 अगस्त को बंद
August 05, 2025
पीलीभीत। जनपद में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सोमवार और मंगलवार को भी दिनभर तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे शहर के कई मोहल्लों और निचले इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी के मद्देनजर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों को 6 और 7 अगस्त को बंद रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण विभिन्न स्थानों पर जलभराव हो गया है, जिससे विद्यालय आने-जाने में बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।जिलाधिकारी ने आदेशों के अनुपालन की जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपी है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसी को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
