अमेठीः जल जीवन मिशन की हकीकत! 300 घरों में सिर्फ 178 को मिला कनेक्शन
August 04, 2025
अमेठी। जल जीवन मिशन के तहत हर घर में स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए संग्रामपुर ब्लॉक के तारापुर गांव में 241.06 लाख रुपये की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कार्यदायी संस्था से कराया गया था। निर्माण कार्य पूरा हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सभी घरों में पानी नहीं पहुंच सका है। गांव के करीब 300 घरों में से केवल 178 घरों को ही कनेक्शन दिया गया है।ग्रामीण कृष्ण कुमार मिश्र, प्रेमचंद्र मिश्र, श्रवण कुमार मिश्र, लवलेश मिश्र, राजू गुप्ता, हीरालाल गुप्ता, मेवालाल गुप्ता, राम दयाल, शिवशंकर और पुत्ती लाल कोरी ने बताया कि उनके घरों तक अभी तक मुख्य पाइपलाइन ही नहीं पहुंची है। गांव के इंडिया मार्का हैंडपंप खराब हो चुके हैं, जिससे लोगों को पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने कई बार पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने की मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कई परिवार योजना के लाभ से अब भी वंचित हैं।वहीं गांव के रामनेवाज को कनेक्शन तो दिया गया, लेकिन टोटी नहीं लगाई गई, जिससे पानी आपूर्ति चालू होने पर लगातार बहता रहता है। ओम प्रकाश दूबे के घर के पास खेत में भी कनेक्शन दिया गया है, लेकिन टोटी न लगने के कारण वहां भी पानी बहता रहता है। इससे जल बर्बादी हो रही है।चक्रधनपुर प्राथमिक विद्यालय के पास और तारापुर गांव के अंदर दो स्थानों पर लीकेज की समस्या बनी हुई है। यहां भी लगातार पानी का अपव्यय हो रहा है। पंप ऑपरेटर जितेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में 14 से 15 घर ऐसे हैं जहां पाइपलाइन बिछी है लेकिन किसी कारणवश कनेक्शन नहीं दिया जा सका है। शिकायतें दर्ज हैं और काम जारी है। ग्राम प्रधान प्रेमनाथ कनौजिया ने बताया कि गांव में लगभग 300 घर हैं। इनमें से आधे घरों को ही अब तक जल जीवन मिशन योजना से जोड़ा जा सका है।
.jpg)