लखनऊः स्वच्छता में तीसरा स्थान मिलने पर महापौर का हुआ भव्य स्वागत
July 18, 2025
लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में लखनऊ को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के विज्ञान भवन में लखनऊ नगर निगम को सम्मानित किया। सम्मान ग्रहण करने के पश्चात महापौर सुषमा खर्कवाल शुक्रवार को लखनऊ वापस लौटीं, जहां विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया।लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे स्थित टोल प्लाजा पर भारतीय जनता पार्टी एवं भाजयुमो के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों द्वारा महापौर का जोशीले नारों, पुष्प वर्षा और माला पहनाकर स्वागत किया गया। पार्षदगणों का भी इस मौके पर अभिनंदन किया गया।इसके उपरांत मोहन रोड जोन 6 में जोनल अधिकारी मनोज यादव के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों व नगर निगम कर्मियों द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें महापौर का स्वागत मिठाई खिलाकर और पुष्पगुच्छ भेंटकर किया गया। इस अवसर पर पार्षदगण भी उपस्थित रहे।फिर जोन 5 के अवध चैराहे पर स्थित सीएमएस स्कूल के निकट, जोनल अधिकारी नंदकिशोर के नेतृत्व में नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पार्षदगणों ने महापौर का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।नहरिया चैराहे पर पर्यावरण अभियंता धर्मेंद्र प्रधान की देखरेख में लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) की टीम ने मानव श्रृंखला बनाकर महापौर का अभिनंदन किया। इस कार्यक्रम में पार्षदगणों की भी सक्रिय भागीदारी रही।इसके बाद जोन 8 में जोनल अधिकारी अजीत राय के नेतृत्व में लायन एनवायरो लखनऊ प्रा. लि. के मैनेजिंग डायरेक्टर रणधीर सिंह, डायरेक्टर प्रशांत सिंह, प्रोजेक्ट हेड दिलीप यादव, प्रोजेक्ट मैनेजर अजय यादव सहित एलएसजी के कई कर्मचारियों ने महापौर का स्वागत किया। इस अवसर पर भी मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय दिया गया।अंत में नगर निगम मुख्यालय में महापौर सुषमा खर्कवाल का पार्षदगणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह, अरुण कुमार गुप्त, सीटीएओ अशोक सिंह, विनय कुमार राय, जोनल अधिकारी जोन-2 शिल्पा कुमारी, निगम के कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी, कर्मचारीगण, आमजन एवं मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।