बलियाः रूपा किन्नर उर्फ पूजा ने उभांव पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार! सार्वजनिक रूप से बाल काटकर बेइज्जत करने के बाद अब जान से मारने की धमकी
July 24, 2025
बलिया। बेल्थरारोड नगर क्षेत्र के बीवीपुर नंबर आठ निवासी रूपा किन्नर उर्फ पूजा डांसर ने उभांव थाने में सुरक्षा की गुहार लगाई है। रूपा ने आरोप लगाया है कि किन्नर समुदाय के एक अन्य गुट द्वारा उन्हें बीते दो वर्षों से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रार्थना पत्र में रूपा ने भोली किन्नर उर्फ जितेंद्र, मंटू गिरी, राहुल सिंह, मनीष किन्नर और नैना किन्नर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रूपा का कहना है कि यह लोग लगातार फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। विशेष रूप से राहुल सिंह पर उन्होंने दबंगई दिखाते हुए गंभीर धमकियों का आरोप लगाया है।रूपा ने चेतावनी दी है कि यदि जिले में किन्नर समुदाय से जुड़ी कोई अनहोनी होती है तो उसके लिए यही लोग जिम्मेदार होंगे। बताया कि इससे पहले विरोधी गुट ने उन्हें और उनके साथियों को न केवल मारापीटा, बल्कि सार्वजनिक रूप से बाल काटकर बेइज्जत भी किया था।इस घटना से आक्रोशित किन्नर समुदाय का एक गुट मंगलवार की शाम उभांव थाने पहुंचा, लेकिन प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात नहीं हो सकी। इसलिए उन्होंने अपना शिकायती पत्र थाने में जमा कर दिया। सूत्रों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन ने समय रहते मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो स्थिति और बिगड़ सकती है। फिलहाल, मामले की जांच सीयर पुलिस चैकी के प्रभारी चंद्रशेखर यादव को सौंपी गई है।