देश के अलग-अलग हिस्सों में मॉनसूनी बारिश ने मचाई तबाही
July 30, 2025
देश के कई हिस्सों में मॉनसूनी बारिश ने तबाही मचा रखी है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़कें तालाब बन गई हैं, खेत-खलिहान जलमग्न हैं, और कई जगहों पर भूस्खलन ने यातायात को ठप कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग यानी कि IMD ने आज भी कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात बादल फटने और फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई। इस आपदा में एक ही परिवार के 3 लोगों की जान चली गई। तेज बारिश के साथ आए मलबे और बड़े-बड़े पत्थरों ने घरों और दुकानों को तहस-नहस कर दिया। मंडी के 5 किलोमीटर के दायरे में सड़कों पर मलबा ही मलबा बिखरा है। बिजली की सप्लाई ठप है, और प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी हैं। कांगड़ा जिले में भी भारी बारिश का दौर जारी है, और मौसम विभाग ने आगे भी बारिश की चेतावनी दी है।
मध्य प्रदेश के गुना जिले में भारी बारिश ने जल प्रलय की स्थिति पैदा कर दी है। यहां के कलोरा में 70 साल पुराना डैम का वेस्टवियर टूटने से बाढ़ जैसे हालात बन गए। सड़कें, खेत, मकान और दुकानें पानी में डूब गईं। न्यू सिटी कॉलोनी में एक मंजिल तक मकान पानी में डूबे हुए हैं, और नीचे रखा सारा सामान बह गया है। लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। प्रशासन ने आसपास के गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और बाकियों को घरों में रहने की सलाह दी है। उज्जैन में भी बारिश ने कहर बरपाया है। लालबाई फूलबाई चौराहे के पास नगर निगम के कांजी हाउस की दीवार ढह गई, जिसके नीचे कार और स्कूटी दब गईं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 34 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
राजस्थान के झालावाड़ में लगातार बारिश के कारण रेवा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नदी के उफान ने आसपास के गांवों और पत्थर की खदानों में पानी भर दिया, जिससे खदान मालिकों को करोड़ों का नुकसान हुआ है। कई गांवों में 8 से 10 फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों का सारा सामान खराब हो गया। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया है।