उन्नाव। जनपद के बीघापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिकंदरपुर कर्ण गांव के सर्विस रोड पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विनीत कुमार उर्फ बउवा 22 वर्ष निवासी सिकंदरपुर कर्ण के रूप में हुई है। वह शुक्रवार दोपहर किसी कार्य से बाइक से घर से निकला था। गांव के पास ही सर्विस रोड पर एक तेज रफ्तार लोडर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विनीत गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंचे परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल उन्नाव लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर बताकर हैलेट अस्पताल कानपुर के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन घायल विनीत को कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए, लेकिन वहां भी स्थिति नाजुक बनी रही।
चिकित्सकों की सलाह पर परिजन युवक को लखनऊ पीजीआई ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में शुक्लागंज के मराला चैराहा पहुंचते ही विनीत की हालत और बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे फिर से जिला अस्पताल उन्नाव लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन फूट-फूट कर रो रहे हैं। उन्होंने बताया कि विनीत घर का इकलौता बेटा था और उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी। पूरे गांव में शोक की लहर है। बीघापुर थाना प्रभारी राज पाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.jpg)