शुकुलबाजार: झमाझम हुई बारिश, खिल उठे किसानों के चेहरे
July 29, 2025
शुकुलबाजार/अमेठी। क्षेत्र में नाग पंचमी के दिन सुबह से लगातार बारिश हो रही है। सावन माह के तीसरे सोमवार से शुरू हुई यह झमाझम बारिश दोपहर 1 बजे से और तेज हो गई। इस बारिश ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। लोग बारिश के बीच पूजा-अर्चना में भी जुटे हैं। इस बारिश से मक्का, धान, गन्ना, उड़द, लौकी और तरोई जैसी फसलों को लाभ मिलेगा। हालांकि कुछ सब्जी फसलों को नुकसान होने की आशंका भी है।सजीवन, रामकरण, पूर्वी दिन, पंकज आदि लोगों ने बताया कि नाग पंचमी के दिन उन्हें रिश्तेदारों के यहां जाना था। लेकिन वे बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं।एक्काताज पुर निवासी सुरेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि दोपहर से हुई झमाझम बारिश से फसलों को लाभ मिला है। साथ ही गर्मी से परेशान आम जनता को भी राहत मिली है। सामाजिक कार्यकर्ता देवी दयाल शर्मा ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि जिन गांवों में जल निकासी की व्यवस्था नहीं है, वहां लगातार बारिश होने से संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है। अंदीपुर पुर निवासी किसान नेता शेषनाथ तिवारी ने बताया कि उन्होंने लगभग 1 एकड़ में धान की खेती की है। उनका कहना है कि बारिश से उनकी फसल को अच्छा लाभ मिला है।