Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ ने मचाई तबाही, 100 से अधिक लोगों की हुई मौत


अमेरिका के टेक्सास में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ ने भयानक तबाही मचाई है। यहां हालात भयावह हैं और मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 100 से अधिक हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि जान गंवाने वालों में गर्मी की छुट्टियों में आयोजित शिविरों (समर कैंप) में भाग लेने वाले कई बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण कम से कम 104 लोगों की मौत हुई है। बाढ़ की वजह से कई लोग अब भी लापता हैं।

टेक्सास हिल कंट्री में ग्रीष्मकालीन शिविर ‘कैंप मिस्टिक’ के संचालकों ने बताया कि उसके शिविर में भाग ले रहे 27 लोगों की बाढ़ के कारण मौत हुई है। केर काउंटी के अधिकारियों ने बताया कि शिविर में भाग ले रहे 11 लोग लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि बचाव कर्मियों को‘कैंप मिस्टिक’ और कई अन्य ग्रीष्मकालीन शिविरों का आयोजन करने वाली इस काउंटी में 28 बच्चों सहित 84 लोगों के शव मिले हैं।

बता दें कि, शुक्रवार तड़के भारी बारिश के कारण ग्वाडालूप नदी का जलस्तर 45 मिनट में 26 फीट (लगभग 8 मीटर) तक बढ़ गया, जिससे टेक्सास हिल कंट्री क्षेत्र में भारी तबाही मच गई। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बचाव दल लापता लोगों का पता लगाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

अमेरिका की राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, बीते 25 वर्षों में हर साल औसतन 125 लोगों की बाढ़ से मौत हुई है। इनमें सबसे ज्यादा मौतें अचानक आने वाली बाढ़ों के कारण होती हैं। अमेरिका में सितंबर 2024 में तूफान हेलेन ने दस्तक दी थी। तूफान ने फ्लोरिडा, जॉर्जिया, कैरोलिनास, टेनेसी और वर्जीनिया को प्रभावित किया था। राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, इस तूफान के कारण करीब 250 लोगों की मौत हुई थी। इनमें ज्यादातर लोग तेज हवा से नहीं, बल्कि भीतरी इलाकों में आई भारी बाढ़ से मारे गए थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |