Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

कांग्रेस को मजबूत करना ही होगा-गौरव गोगोई


असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष गौरव गोगोई ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नीत राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ मोर्चे को केवल "सत्ता, धन, भूमि और सिंडिकेट" की परवाह है, जिसकी वजह से गुवाहाटी में विनाशकारी बाढ़ और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है। गोगोई ने इस स्थिति के लिए मुख्य कारण सत्तारूढ़ पार्टी के करीबी मंत्रियों और लोगों द्वारा आर्द्रभूमि पर किए गए अतिक्रमण को बताया।

लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने रविवार सुबह शिवसागर से नागांव तक 250 किलोमीटर लंबी यात्रा की शुरुआत की। यात्रा के दौरान हजारों समर्थकों के साथ उनका काफिला शाम को जोरहाट और गोलाघाट से गुजरा। शिवसागर शहर में ऐतिहासिक शिव दौल (मंदिर) के दर्शन करने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए गोगोई ने कहा, "यह सरकार सत्ता, धन, भूमि हड़पने और सिंडिकेट में गहराई तक लिप्त है। गुवाहाटी के आम लोगों की जरूरतों के बजाय अनियोजित निर्माण, भूमि हड़पना और ठेकेदार केंद्रित फ्लाईओवर प्राथमिकता बन गए हैं।"

असम की राजधानी गुवाहाटी में शुक्रवार को भारी बारिश के बाद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भारी बारिश की वजह से लगभग सभी सड़कें और कई रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए हैं। दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण सभी इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया है, जबकि कुछ जगहों पर तो इससे भी अधिक पानी भरा है।

गौरव गोगोई ने कहा, "गुवाहाटी में बीजेपी की नीति धन और जमीन के लालच पर आधारित है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा लंबे समय तक गुवाहाटी विकास मंत्री रहे। अब उनके करीबी सहयोगी मंत्री हैं, लेकिन बीजेपी के मंत्रियों को जल निकायों के संरक्षण और जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने से ज्यादा अपने घर तक जाने वाली सड़क की चिंता है।" उन्होंने आवास और शहरी मामलों के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ के आवास का जिक्र किया, जहां तक कंक्रीट की सड़क बनाने के लिए कथित तौर पर अतिक्रमण किया गया है।

लोकसभा सदस्य ने आगे कहा, "हम राज्य में एक-एक करके पूरे भ्रष्टाचार को उजागर करेंगे। गुवाहाटी के विकास संबंधी विभिन्न विभागों में व्याप्त भारी भ्रष्टाचार को भी आने वाले दिनों में उजागर किया जाएगा।"

इसके साथ ही गोगोई ने असम में हाल ही में हुए पंचायत चुनावों में विपक्षी दलों के खराब प्रदर्शन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "सभी विपक्षी दलों को अपने-अपने प्रदर्शन की समीक्षा करनी चाहिए और कांग्रेस भी ऐसा कर रही है। विपक्षी दलों में कांग्रेस सबसे शक्तिशाली है। विपक्षी मोर्चे को मजबूत करने के लिए हमें कांग्रेस को मजबूत करना होगा।"

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |